आगरा,एजेंसी – 6 फरवरी । अब यह तय हो गया है कि फीरोजाबाद से कॉंग्रेस के सांसद राजबब्बर अपना चुनाव क्षेत्र बदलेंगे। उन्हें फतेहपुर सीकरी या गाजियाबाद से लड़ाया जाएगा। पार्टी नेतृत्व जीत के समीकरणों के लिहाज से विचार कर रहा है, जिसमें सीकरी का पलड़ा भारी है। जिला संगठन उनको लड़ाने के लिए एकमत भी है।
सिने अभिनेता राजबब्बर आगरा लोकसभा सीट पर लगातार दो बार सांसद रह चुके हैं। वर्ष 2009 में कांग्रेस ने राजबब्बर को फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर प्रत्याशी बनाया था, लेकिन वह बसपा प्रत्याशी सीमा उपाध्याय से नजदीकी अंतर से हार गए थे। इसके बाद पार्टी ने फीरोजाबाद लोकसभा सीट पर उप चुनाव में उन्हें उतारा। तब राजबब्बर ने मुलायम सिंह की पुत्रवधु डिंपल को हराया था। पार्टी सूत्रों के मुताबिक अब राजबब्बर को फीरोजाबाद से न लड़ाने की रणनीति है। यह तय किया गया है कि बब्बर को या तो सीकरी से टिकट मिलेगी या गाजियाबाद से। सूत्रों की मानें तो पार्टी राजबब्बर को फसीकरी से लड़ाने पर गंभीरता से विचार कर रही है, क्योंकि यहां समीकरण उनकेलिहाज से बेहतर हैं। करीब एक माह पूर्व जिला संगठन ने सर्वसम्मति से सिने अभिनेता को सीकरी की टिकट देने की मांग उठाई थी। वहीं सीकरी क्षेत्र में राज बब्बर की गहरी पैठ मानी जाती है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक राजबब्बर की टिकट की घोषणा जल्द ही होने जा रही है।
लोकसभा चुनावों में आगरा जिले की दोनों लोकसभा सीटों (आगरा और फतेहपुर सीकरी) में फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर मुकाबला दिलचस्प होना तय है। वर्तमान में इस सीट से बसपा के पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय की पत्नी सीमा उपाध्याय सांसद हैं, पार्टी अगले चुनाव में भी उन्हें ही लड़ा रही है। वहीं समाजवादी पार्टी ने कैबिनेट मंत्री अरिदमन सिंह की पत्नी पक्षालिका सिंह को मैदान में उतारा है। भाजपा अभी प्रत्याशी को लेकर उलझन में है। यदि कांग्रेस राजबब्बर को मैदान में उतारती है तो यहां कांटे का मुकाबला होना तय है।