नई दिल्ली,एजेंसी-17 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी के पीएम पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी ने अपनी रैली के दौरान एक बार फिर राहुल गांधी और सोनिया गांधी के साथ-साथ यूपीए की नीतियों को गलत ठहराते हुए जनता से बीजेपी को सत्ता सौंपने की गुजारिश की। यहां मोदी ने कहा कि मेरे आगे-पीछे कोई नहीं है, मैं किसके लिए भ्रष्टाचार करूंगा।
मोदी ने हिमाचल प्रदेश में पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए हमीरपुर में आयोजित रैली को संबोधित कर रहे थे। मोदी ने यहां कांग्रेस पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस नेता कुछ क्यों नहीं बोलते? कांग्रेस ने 100 दिन में महंगाई कम करने का वादा किया था, लेकिन ऐसा नहीं किया। उन्होंने कहा कि महंगाई बढ़ती रही, लेकिन कांग्रेस का कोई भी नेता महंगाई की बात नहीं करता।
रैली में मोदी ने जमकर कांग्रेस पर निशाना साधा। मोदी ने कहा कि देश में भ्रष्टचार की जड़ कांग्रेस पार्टी है। कांग्रेस ने जनता का पैसा लूटकर विदेश में जमा करा दिया। कांग्रेस नेता बताएं कि अगर वो करप्ट नहीं हैं, तो विदेशों में जमा ब्लैक मनी वापस लाने में उन्हें इतनी तकलीफ क्यों हो रही है।
मोदी ने कहा कि मेरे आगे-पीछे कोई नहीं है, मैं किसके लिए करप्शन करूंगा। हमारे जैसे ही देश की लड़ाई लड़ सकते हैं। अटल सरकार में रोजगार बढ़ने लगे थे, लेकिन यूपीए की सरकार आते ही विकास रुक गया। मोदी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम कहते हैं कि पैसे पेड़ पर नहीं उगते, लेकिन उनके मंत्री वीरभद्र सिंह के पैसे 3 साल में 14 गुना कैसे बढ़ गए।
साथ ही मोदी ने कहा कि सभी राज्यों के विकास से ही देश का विकास हो सकता है, उन्होंने दावा किया कांग्रेस जो 60 साल में विकास नहीं कर पाई, वो सिर्फ 60 महीने में करके दिखाएंगे और जनता को परिवर्तन दिखेगा।
मोदी ने कहा कि सोनिया गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए कि वह महंगाई कम करने में नाकाम रही। मोदी ने कहा कि जनता को जवाब देना राजनेताओं की जिम्मेदारी है। मोदी ने कहा कि वंशवादी पार्टियां लोकतंत्र की दुश्मन हैं और इनसे मुक्ति पाना जरूरी है। उन्होंने में कहा कि देश में सुरक्षा का भरोसा नहीं है। नौजवानों को नौकरी का भरोसा नहीं है। देश को ऐसा बनाना चाहिए कि दुनिया के सामने अपनी आवाज उठाने की हिम्मत हो। मोदी ने कहा कि सरकार की निर्णय अक्षमता का असर सेना के जवानों के मनोबल पर पड़ता है। मोदी ने कहा कि लगभग सभी पड़ोसी देश भारत को आंख दिखा रहे हैं।
मोदी ने हिमाचल के किसानों की दुर्दशा के लिए यूपीए की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया। यहां के किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि हिमाचल के किसानों को सेब का पूरा दाम नहीं मिल रहा है, इसका कारण कांग्रेस पार्टी की सरकार की नीतियां हैं। मोदी ने कहा कि किसानों की समस्या समझने के लिए अलग नजरिये जरूरत है।
देश में पर्यटन और हिमाचल में खासतौर पर इस ओर ध्यान देने की बात कहते हुए मोदी ने कहा कि इससे रोजगार के तमाम अवसर मिलते हैं। मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के शासन में देश 10 साल पीछे चला गया है।
नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं यहां वादा नहीं इरादा लेकर आया हूं कि हिमाचल का विकास होगा। देश में एनडीए की सरकार बनेगी और हम देश को विकास के नए पथ पर लेकर जाएंगे।