नई दिल्ली,एजेंसी-17 फरवरी। लोकसभा चुनाव के लिए जारी आम आदमी पार्टी की सूची में अंजलि दमानिया और एचएस फुल्का का नाम शामिल होने के बाद पार्टी में संकट के बादल गहराने लग गए हैं। नागपुर से मिले आप के टिकट के बाद इस सीट पर निगाहें लगा रहीं रूपा कुलकर्णी खुलकर अंजलि के विरोध में सामने आ गई हैं। वहीं दूसरी ओर एडवोकेट फुल्का के विरोध में आवाजें उठने लगी हैं।
रूपा ने आरोप लगाया है कि आप अपने ही बनाए कानूनों और मर्यादाओं से अलग हटकर अपने चहेतों को टिकट की बंदरबाट में जुटी है। रूपा के इस आरोप के बाद पार्टी में खलबली मची है। वहीं, नागपुर में आम आदमी पार्टी में फूट के आसार भी बढ़ते नजर आ रहे हैं।
गौरतलब है कि रविवार को ही आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने पहली सूची जारी की है। इसमें कुमार विश्वास, योगेंद्र यादव, आशुतोष समेत कुल बीस नामों की घोषणा की गई है। आप ने दूसरी लिस्ट भी जल्द घोषित करने की उम्मीद जाहिर की है। लेकिन नागपुर में टिकट को लेकर मचे घमासान को देखते हुए दूसरी लिस्ट जारी होने में कुछ विलंब होने की भी उम्मीद जताई जा रही है।
महज साल भर पहले ही एक राजनैतिक दल के रूप में सामने आई आम आदमी पार्टी के सामने अपनों की बगावत लगातार बढ़ रही है। दिल्ली में ही पार्टी के सत्ता पर काबिज होने के साथ ही उसको अपने विधायक विनोद कुमार बिन्नी को बगावती तेवरों के चलते बाहर का रास्ता दिखाना पड़ा था। अपनों की बगावत से परेशान आप के लिए एक बार फिर से मुश्किल भरा समय आने की पूरी उम्मीद अब दिखाई देने लगी है।
Check Also
दिल्ली हिंसा मामले में 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी जख्मी, उपद्रवियों के खिलाफ 12 FIR दर्ज
दिल्ली में मंगलवार को ट्रैक्टर परेड के दौरान हुई हिंसा के अब तक 300 से …