नई दिल्ली,एजेंसी-24 फरवरी | लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) अध्यक्ष रामविलास पासवान के बेटे चिराग पासवान ने सोमवार को साफ किया कि उनकी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर कोई बातचीत नहीं चल रही है।
चिराग पासवान ने कहा कि दोनों दलों के अध्यक्षों के बीच संबंध बेहतर है। रामविलास पासवान (लोजपा) और राजनाथ सिंह (भाजपा) विभिन्न अवसरों पर मिलते रहते हैं, लेकिन इसके बाद भी आप सवाल करते हैं कि दोनों अध्यक्षों के बीच गठबंधन की बातचीत चल रही है तो उसका जवाब है, नहीं।
उन्होंने कहा कि संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद लोजपा अपनी भावी रणनीति तय करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेताओं के बीच अविश्वास के कारण गठबंधन पर तस्वीर साफ नहीं है। हम जल्दी ही पार्टी संसदीय बोर्ड की बैठक आयोजित करने जा रहे हैं जिसमें भविष्य की रणनीति के बारे में फैसला लिया जाएगा।
मीडिया में यह खबर तेजी से फैल रही है कि लोजपा और भाजपा के बीच गठबंधन तय हो चुका है। रामविलास पासवान ने गुजरात दंगों के विरोध में 2002 में भाजपा छोड़ दी थी।