मीरपुर (ढाका),एजेंसी-7 मार्च | एशिया कप के 12वें संस्करण का खिताबी मुकाबला शनिवार को श्रीलंका और पाकिस्तान की टीमों के बीच खेला जाएगा। शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले को जीतकर श्रीलंका अजेय रहते हुए पांचवीं बार एशियाई क्रिकेट का बादशाह बनना चाहेगा। दूसरी ओर, पाकिस्तान की कोशिश तीसरी बार यह खिताब जीतने की होगी। पाकिस्तान के सामने यह खिताब बचाने की गम्भीर चुनौती है। उसने बीते संस्करण में बांग्लादेश को हराकर चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया था।
अब तक के प्रदर्शन के लिहाज से श्रीलंका का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। उसने अभी तक खेले गए अपने सभी चार मैच जीते हैं। इस क्रम में उसने एक मौके पर पाकिस्तान को भी हराया है। इसके अलावा उसने भारत, अफगानिस्तान और बांग्लादेश को पराजित किया है।
पाकिस्तान के लिए श्रीलंका को हराना आसान नहीं होगा। पाकिस्तान को श्रीलंका के खिलाफ हार मिली थी लेकिन इसके बाद उसने अपने सभी तीन मैच जीते हैं। अफगानिस्तान को उसने बड़े अंतर से हराया था लेकिन भारत और बांग्लादेश के खिलाफ उसे अंतिम समय में जीत मिली थी।
बांग्लादेश के खिलाफ पाकिस्तान ने 326 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल की थी। शाहिद अफरीदी ने तूफानी पारी खेलते हुए अपनी टीम को जीत तक पहुंचाया था। यह पाकिस्तान की लक्ष्य का पीछा करते हुए अब तक की सबसे बड़ी जीत है।
पाकिस्तान ने भारत और बांग्लादेश के खिलाफ अफरीदी की आतिशी पारियों की बदौलत जीत हासिल की थी और एक बार फिर वह अफरीदी की करिश्माई बल्लेबाजी की बदौलत श्रीलंका का अजेय क्रम तोड़ना चाहेगी।
दोनो टीमें दमखम के लिहाज से बराबर हैं। बल्लेबाजी में हालांकि श्रीलंका को कुमार संगकारा और माहेला जयवर्धने जैसे दिग्गजों के कारण थोड़ा 20 आंका जा सकता है लेकिन श्रीलंका के लिए चिंता की बात यह है कि जयवर्धने अब तक अपनी छवि के अनुरूप नहीं खेल पाए हैं।
कुल मिलाकर बांग्लादेशी क्रिकेट प्रेमियों को एक रोचक मुकाबला देखने को मिलेगा। ये क्रिकेट प्रेमी दो मौकों (पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ) पर अपनी टीम को जीतते हुए देखने से तरस गए। इस दौरान हालांकि उन्होंने रोमांच के सागर में खूब गोते लगाए। खिताबी मुकाबला एक बार फिर उन्हें इसी तरह का गोता लगाने की गारंटी देता है।