कोलकाता,एजेंसी-20 मार्च | तृणमूल कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश और दिल्ली में लोकसभा की 18 और सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों घोषणा की। तृणमूल ने उमेश मिश्र को रायबरेली से उम्मीदवार बनाया है, जहां से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी 2004 से लगातार चुनाव जीत रही हैं।
ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल 17 राज्यों में 104 सीटों पर अबतक उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है।
तृणमूल उत्तर प्रदेश में 19 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। इसमें वाराणसी सीट से कांग्रेस के दिवंगत दिग्गज नेता कमलापति त्रिपाठी की पोती इंदिरा तिवारी का नाम शामिल है। कांग्रेस का गढ़ मानी जाने वाली रायबरेली सीट से उमेश मिश्र कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ ताल ठोकेंगे।
तृणमूल का दावा है कि वह कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बाद तीसरे सबसे बड़े दल के रूप में उभरेगी। तृणमूल ने असम, मणिपुर, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, झारखण्ड, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, तमिलनाडु, ओडिशा, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, सिक्किम और महाराष्ट्र के अलावा पश्चिम बंगाल में अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं।