झांसी,एजेंसी-21 अप्रैल। भाजपा की तेजतर्रार नेता उमा भारती के खिलाफ अयोध्या में दंगा फैलाने तथा विभिन्न गुटों के बीच वैमनस्य बढ़ाने सहित 13 मामले हैं। मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा झांसी लोकसभा सीट से भाजपा की प्रत्याशी हैं।
उमा भारती ने अपनी संपत्ति 1.43 करोड़ रुपए बताई है जिसमें चल संपत्ति 46.26 लाख रुपए की और अचल संपत्ति 97.50 लाख रुपए की है। चुनाव आयोग के समक्ष नामांकन दाखिल करते समय उमा ने हलफनामे में अपने पास 2.5 लाख रुपए नकद होने की घोषणा की है।
उनके हलफनामे में कहा गया है कि उनके पास न तो कोई कार है और न ही कोई अन्य वाहन।
हलफनामे के अनुसार पूर्व केंद्रीय मंत्री रह चुकीं उमा भारती का नाम उत्तरप्रदेश के फैजाबाद जिले में राम जन्मभूमि अयोध्या पुलिस थाने में वर्ष 1992 में दर्ज प्राथमिकी में है।
55 वर्षीय उमा भारती के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं।
रायबरेली की विशेष अदालत ने 28 जुलाई 2005 को मामले पर संज्ञान लिया। अदालत ने 19 सितंबर 2003 को उमा के खिलाफ आरोप तय किए थे। हलफनामे में कहा गया है कि इस मामले विशेष में संबद्ध अदालतों ने कार्रवाई पर रोक नहीं लगाई। (