नई दिल्ली,एजेंसी-24 मई। शाजिया इल्मी ने आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। शाजिया ने कहा कि दुखी मन से उन्हें यह फैसला लेना पड़ रहा है। इसके साथ ही पार्टी के एक और सदस्य कैप्टन जीआर गोपीनाथ ने भी पार्टी से नाता तोड़ लिया है।
सस्ती घरेलू हवाई सेवा एयर डेक्कन की शुरुआत करने वाले कैप्टन गोपीनाथ इस साल जनवरी में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। कर्नाटक में पार्टी नेतृत्व को लिखे एक पत्र में गोपीनाथ ने कहा कि वह तत्काल प्रभाव से पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं।
उधर, पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए शाजिया ने कहा कि अरविंद केजरीवाल पार्टी में लोकतंत्र लागू नहीं कर पा रहे हैं। कुछ लोग पार्टी को जकड़े हुए हैं। चुनिंदा लोग ही हैं, जो पार्टी के फैसले ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में लोकतंत्र नहीं रह गया है। हमारे जैसे लोग जो पार्टी के साथ शुरू से जुड़े हुए थे अब अलग थलग पड़ गए हैं। पार्टी से कई गलतियां हुई हैं, जिनसे निकलने की जरूरत है।
शाजिया ने कहा कि पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल बहुत ही अच्छे और ईमानदार व्यक्ति हैं लेकिन जिन लोगों से वह घिरे रहते हैं वह अच्छी बात नहीं है। पार्टी से लोगों का भरोसा कम हो गया है। शाजिया ने कहा कि अरविंद को जेल में रहकर चिंतन करने की बजाय जनता के बीच जाना चाहिए। उनके सामने अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी में जैसा अभी हो रहा है, अच्छा नहीं है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता योगेंद्र यादव ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि शाजिया पिछले दो महीने से नाराज थीं। उन्होंने पार्टी को पत्र भी लिखा था। ऐसे समय जब अरविंद केजरीवाल जेल में हैं उन्हें यह कदम नहीं उठाना चाहिए था। हमें उम्मीद है कि वह पार्टी में वापस लौटेंगी और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन में हमारा साथ देंगी।
Check Also
नेताजी के जन्मदिन पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आठ किलोमीटर लंबी पदयात्रा कर रही
नेताजी के जन्मदिन पर पषश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आठ किलोमीटर लंबी पदयात्रा कर …