लखनऊ,एजेंसी-13 जून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में गुरुवार शाम आए आंधी-तूफान से हुई जन-धन हानि पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ितों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
उन्होंने गुरुवार को आई इस प्राकृतिक आपदा में मृत व्यक्तियों के आश्रितों को कुल पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
उन्होंने आंधी एवं तूफान के फलस्वरूप घायल लोगों को समुचित चिकित्सकीय मदद उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार शाम आई भीषण आंधी में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए हैं।