पटना,एजेंसी-2 जुलाई | बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन बुधवार को मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों ने बिहार में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर जमकर हंगामा किया। विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने के पूर्व भाजपा के सदस्यों ने सदन के प्रवेश द्वार पर भी हंगामा किया। भाजपा विधायकों ने बिगड़ती कानून व्यवस्था से संबंधित नारे वाली तख्तियां लेकर सदन में हंगामा किया।
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा के सदस्य राज्य में कानून व्यवस्था की समस्या को लेकर हंगामा करने लगे। हालांकि बाद में प्रश्नकाल सुचारु रूप से चला, लेकिन जैसे ही अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने सदन में शून्यकाल की घोषणा की, भाजपा के सदस्यों ने फिर से हंगामा शुरू कर दिया।
विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता नंदकिशोर यादव ने कहा कि विपक्ष जनता की समस्याओं के साथ सदन में आ रहा है, लेकिन सरकार उन समस्याओं से भाग रही है। बिहार में कानून-व्यवस्था चरमरा गई है और विकास कार्य ठप्प हो गए हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले दो दिनों से भाजपा विभिन्न मुद्दों को लेकर सदन में हंगामा कर रही है। मंगलवार को जहां बिजली और पानी की समस्या को लेकर भाजपा सदस्यों ने सरकार को घेरा, वहीं इससे एक दिन पहले सोमवार को खाद्य सुरक्षा कानून को लेकर सदन में हंगामा किया।