नई दिल्ली,एजेंसी-7 जुलाई | न्यायमूर्ति अरुण मिश्रा, न्यायमूर्ति आदर्श कुमार गोयल और वरिष्ठ अधिवक्ता रोहिंटन नरीमन सोमवार को सर्वोच्च न्यायालय के नए न्यायाधीश नियुक्त किए गए। प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति आर.एम. लोढ़ा ने तीनों नए न्यायाधीशों को पद की शपथ दिलाई। तीन नए न्यायाधीशों के साथ सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की संख्या 25 से 28 हो गई है। न्यायालय के न्यायाधीशों की अधिकतम संख्या 31 कर दी गई है।
न्यायमूर्ति अरुण मिश्रा कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश और न्यायमूर्ति आदर्श कुमार गोयल उड़ीसा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रह चुके हैं। नरीमन उन वरिष्ठ सलाहकारों की श्रेणी में शामिल हो गए हैं, जिन्हें सर्वोच्च न्यायालय के विधिज्ञ-वर्ग से सीधे न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। नरीमन संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) के दूसरे कार्यकाल के दौरान सॉलिसिटर जनरल रह चुके हैं। नरीमन से पहले न्यायमूर्ति संतोष हेगड़े को विधिज्ञ-वर्ग से सीधे सर्वोच्च न्यायालय में नियुक्त किया गया था। गौरतलब है कि सर्वोच्च न्यायालय के कॉलीजियम ने पूर्व सॉलिसिटर जनरल गोपाल सुब्रमण्यम को न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की थी, जिसे केंद्र सरकार ने नामंजूर कर दिया था। इस मुद्दे पर उपजे विवाद के बाद न्यायमूर्ति अरुण मिस्रा, न्यायमूर्ति आदर्श कुमार गोयल और नरीमन को सर्वोच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।