पुणे,एजेंसी-1 अगस्त। महाराष्ट्र के मालिन गांव में हुए भूस्खलन में मृतकों की संख्या 50 हो गई है। घटना में अब तक 22 लोग घायल बताए जा रहे हैं। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यहां इसकी जानकारी दी।
पुणे के कलेक्टर सौरभ राव ने बताया, ”हमने अब तक 50 शव बरामद किए हैं। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।” राव राहत कार्यों पर 24 घंटे नजर बनाए हुए हैं।
यह गांव बुधवार को हुए भूस्खलन में पूरी तरह नष्ट हो गया। यह जानकारी भी सामने आई है कि मालिन गांव के एक मंदिर के परिसर में सो रहे 20 से अधिक लोग संभवत: नजदीक में बहने वाली नदी की जलधारा में बह गए।
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की एक टीम ने लोगों की तलाश के लिए नदी के किनारे अभियान शुरू किया है। यह नदी लगातार हो रही बारिश की वजह से उफान पर है।
राहत एवं बचाव टीम सभी बाधाओं को पार करते हुए करीब 130 लोगों की तलाश में जुटी हुई है, जिनके मलबे में दबे होने की आशंका है। हालांकि, अधिकांश लोगों के बचने की उम्मीद काफी क्षीण है।
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह और पूर्व कृषि मंत्री शरद पवार ने गुरुवार को मालिन का दौरा किया और राहत कार्यो का जायजा लिया।
इस बीच, शुक्रवार सुबह से मलिन और इसके आसपास के इलाके में तेज हवा के साथ भारी बारिश जारी है, जिससे राहत कार्य धीमा हुआ है।