नई दिल्ली,एजेंसी-26 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को राजस्थान का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष वजूभाई वाला को कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। कुल मिलाकर सरकार ने चार नए राज्यपालों की नियुक्ति की है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह और वजुभाई वाला के अलावा लेखिका और भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष मृदुला सिन्हा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सी विद्यासागर राव को भी राज्यपाल नियुक्त किया गया है। मृदुला सिन्हा को जहां गोवा का राज्यपाल बनाया गया है जबकि सी विद्यासागर राव को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त गया है।
इन राज्यपालों की नियुक्ति उनके कार्यभार संभालने के दिन से प्रभावी होगी। आगामी कुछ दिनों में कुछ और राज्यों के राज्यपालों में फेरबदल हो सकता है। केरल की राज्यपाल और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के भी खुद ही पद से हटने की अटकलें हैं।