चंडीगढ़,एजेंसी-28 अगस्त। हरियाणा में विधानसभा चुनावों से पहले कुलदीप बिश्नोई नीत हरियाणा जनहित कांग्रेस (एचजेसी-बीएल) ने आज भाजपा के साथ गठबंधन तोडऩे का फैसला किया और अब वह कांग्रेस के पूर्व नेता विनोद शर्मा की जन चेतना पार्टी को अपना नया सहयोगी बनाएगी। हजकां-भाजपा गठबंधन तीन साल पहले हुआ था और कुछ समय से दोनों दलों के बीच विवाद चल रहा था।
भाजपा से गठबंधन तोड़ने पर फैसले के बाद हजकां प्रमुख कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि भाजपा ने हमें नीचा दिखाने की कोशिश की। हमने हमेशा गठबंधन का धर्म निभाया और भाजपा ने वायदा तोड़ा। बिश्नोई ने दावा किया कि पिछले तीन साल से वह पूरे दिल से भाजपा के साथ सहयोग करते रहे थे।
बिश्नोई ने कहा कि लोकसभा चुनाव में मिली जीत के बाद भाजपा बदल गई है। बिश्नोई ने दावा किया कि वह ‘‘बीते तीन वर्ष से पूरे दिल से’’ भाजपा के साथ सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से कहा, ‘‘मैं (भाजपा द्वारा) मेरे साथ हुए धोखे के लिए आपसे (हरियाणा की जनता) न्याय मांगता हूं।’’
भाजपा पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि हमने फैसला किया, जो लोग देवीलाल, बंसीलाल, चौटाला को सबको धोखा दे सकते हैं, वे जनता को धोखा नहीं देंगे इसकी क्या गारंटी। बिश्नोई ने कहा कि हम भाजपा को डंप कर रहे हैं। अपना गठबंधन तोड़ रहे हैं। हम धोखेबाज पार्टी के साथ खड़े नहीं होना चाहते।
बिश्नोई ने कहा कि हरियाणा कुरुक्षेत्र की धरती है। न्याय देने वाली धरती है। हमारी पार्टी का गठन अन्याय के खिलाफ हुआ था। हम जनता के सामने न्याय मांगने जा रहे हैं। इन्होंने हमारे साथ जो किया, उस पर फैसला जनता करेगी। भाजपा पर आरोप लगाते हुए बिश्नोई ने कहा कि आज भाजपा में पांच कैंडिडैट कांग्रेस से आए हैं, लोकसभा में ये नहीं थे। वहीं बिश्नोई ने हरियाणा में अब विनोद शर्मा के साथ गठबंधन की भी घोषणा की।