लखनऊ,एजेंसी-30 अगस्त। मुख्यमंत्री के सलाहकार और रिटायर्ड आइएएस अधिकारी करनैल सिंह (66) का हार्ट अटैक से निधन हो गया। शुक्रवार की शाम अर्द्ध बेहोशी की हालत में उन्हें श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव उन्हें देखने अस्पताल पहुंचे। करनैल सिंह को बचाने का डाक्टरों का प्रयास नाकाम रहा। शाम पौने पांच उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। सरकार ने विमान भेजकर दिल्ली से उनकी पत्नी व परिजनों को बुलाया। शनिवार को लखनऊ में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश काडर के आइएएस अधिकारी करनैल सिंह सेवानिवृत होने के बाद दिल्ली में रह रहे थे। अगस्त माह में ही मुख्यमंत्री अखिलेश यादव उन्हें अपना सलाहकार नियुक्त किया था। शुक्रवार दोपहर तक करनैल सिंह नेएनेक्सी स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में काम किया। मुख्यमंत्री आवास के लिए निकलने के दौरान सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें श्याम प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय ले जाया गया। लारी कार्डियोलॉजी के डाक्टर भी बुलाये गये लेकिन वे उन्हें बचाने में कामयाब नहीं हो सके। इस बीच मुख्यमंत्री, सपा मुखिया, स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन, मुख्य सचिव आलोक रंजन, प्रमुख सचिव सूचना नवनीत सहगल समेत सारा अमला सिविल अस्पताल पहुंचा। स्वर्गीय सिंह का पार्थिव शरीर गौतमपल्ली स्थित सरकारी आवास ले जाया गया। राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री अखिलेश ने करनैल सिंह के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक सन्देश में कहा कि करनैल सिंह योग्य और कर्मठ अधिकारी थे।
गौरतलब है कि आइएएस अधिकारी के तौर पर अपने सेवाकाल के दौरान करनैल सिंह तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम यादव के प्रमुख सचिव भी रहे हैं। उन्होंने यूपी में पर्यटन सचिव, गन्ना आयुक्त, आबकारी आयुक्त, जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर, केंद्र सरकार के कृषि एवं सहकारिता मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव, रक्षा मंत्रालय तथा खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय में संयुक्त सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी कार्य किया।
Check Also
यूपी : अपना दल पूरे दमखम के साथ पंचायत चुनाव में उतरेगी : अनुप्रिया पटेल
अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने कहा कि 2022 में होने वाले …