भुवनेश्वर (एजेंसी) 09 अक्टूबर । समुद्री तूफान ‘फैलिन‘ की तबाही के ठीक एक साल बाद ओडिशा और आंध्र पर फिर चक्रवाती तूफान का खतरा मंडराने लगा है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक अंडमान सागर, दक्षिण ओडिशा और आंध्र में चक्रवाती तूफान ‘हुदहुद‘ भीषण तबाही मचा सकता है। अंडमान सागर और उसके आसपास गहरे दबाव की वजह से बुधवार को चक्रवात तूफान तेज हो गया और इसके 12 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तट पर पहुंचने की आशंका है।
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने संबंधित विभागों के साथ हालात का जायजा लिया और कहा कि पिछले साल फैलिन चक्रवात से निपटने के लिए जैसी तैयारियां की गई थीं, उसी तरह की तैयारियां इस बार भी की गई हैं। उन्होंने कहा कि हालात का सामना करने के लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं। विभागों को स्थिति का सामाना करने के लिए आकस्मिक योजना बनाने के लिए कहा गया है।